Rajasthan : सागर झील से निकला विशालकाय मगरमच्छ…वन विभाग ने किया रेस्क्यू…लोगो में फैली दहशत

जयपुर : राजधानी जयपुर में लगातार हो रही बारिश के बाद आमेर स्थित ऐतिहासिक सागर झील से एक विशालकाय मगरमच्छ सोमवार देर रात आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। मगरमच्छ को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

घटना आमेर के सागर रोड नोल्या कुंड के पास की है। वन विभाग के रेंजर रघुवीर राठौड़ ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। हालांकि, अंधेरा और घनी झाड़ियां होने के कारण मगरमच्छ पकड़ में नहीं आ सका। फिलहाल वह रिहायशी इलाके से सटे जंगल में छिपा हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर आम जनता को घरों में रहने और पर्यटकों के लिए सागर महल की आवाजाही रोक दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शी राजेश्वर के अनुसार वे सोमवार रात सागर से आमेर की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक मगरमच्छ दिखा। पहले तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद वह मुख्य सड़क पर आ गया। स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी देने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

गौरतलब है कि मानसून के दौरान आमेर की सागर झील छलक गई है और बड़ी संख्या में पर्यटक यहां घूमने आ रहे हैं। मगरमच्छ के बाहर आने से अब स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटक भी दहशत में हैं। लोगों ने मांग की है कि झील परिसर में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं, क्योंकि इससे पहले भी कई बार मगरमच्छ झील किनारे नजर आ चुका है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें