राजा भैया की शस्त्र पूजा से मचा हड़कंप! कहां से आया इतने हथियारों का जखीरा? जानिए सैंकड़ों हथियार रखने के नियम

Raja Bhaiya Shastra Puja : कुंडा के विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया अक्सर विवादों में रहते हैं। पत्नी के साथ विवाद और अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले राजा भैया इन दिनों एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वे हथियारों की नुमाइश कर रहे हैं और शस्त्र पूजा कर रहे हैं। यह वीडियो विजयदशमी के अवसर पर उनका था, जिसमें उन्होंने सैकड़ों हथियारों की पूजा की।

इस पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतने हथियारों का जखीरा उनके पास कैसे आया और भारत में हथियार रखने का नियम क्या हैं। आइए जानते हैं इस संबंधित जानकारी:

दशहरे के मौके पर हथियारों की सजावट

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि राजा भैया के घर पर एक टेबल पर 200 से अधिक हथियार सजाए गए हैं। वे इन हथियारों पर फूलों की वर्षा कर रहे हैं। भारत में विजयदशमी के दिन शस्त्र पूजा का रिवाज है, और राजा भैया हर साल इस दिन हथियारों की पूजा करते हैं।

हथियारों को लेकर उठ रहे सवाल

राजा भैया के पास इतने हथियारों का जखीरा होने को लेकर आम लोगों के साथ-साथ उनकी अपनी पत्नी भानवी सिंह ने भी सवाल उठाए हैं। भानवी सिंह ने राजा भैया पर अवैध हथियार रखने का आरोप लगाया और इस संदर्भ में गृहमंत्री से शिकायत भी की थी। वहीं, उनके करीबी अक्षय प्रताप सिंह ने कहा है कि सभी हथियारों के लाइसेंस मौजूद हैं।

भारत में हथियार रखने के नियम

भारत में हथियारों के रखरखाव और लाइसेंस का नियम आर्म्स एक्ट, 1959 के तहत तय किया गया है। इस कानून के अनुसार, कोई भी व्यक्ति अधिकतम दो हथियार ही रख सकता है। यदि किसी के पास पहले से दो हथियार हैं और वह तीसरा हथियार लेना चाहता है, तो उसे पहले एक हथियार जमा कराना पड़ता है। पहले एक लाइसेंस पर तीन हथियार रखने की अनुमति थी, जिसे 2019 में संशोधन के बाद दो कर दिया गया है। साथ ही, गोलियों का वार्षिक कोटा भी 200 तक सीमित है।

खिलाड़ियों को मिलती है छूट

शूटिंग जैसे खेल खेलने वाले खिलाड़ियों को हथियार रखने में विशेष छूट मिलती है। सामान्य प्रतियोगिता के शूटर्स 10 हथियार अपने पास रख सकते हैं। इसके अतिरिक्त, अर्जुन अवार्ड प्राप्त निशानेबाज जितने चाहें उतने हथियार रख सकते हैं, और उनकी गोलियों का कोटा भी एक लाख तक हो सकता है।

राजा भैया के पास इतने हथियार क्यों हैं?

राजा भैया ने जिन हथियारों की नुमाइश की, उन्हें शक्ति प्रदर्शन और अपने बाहुबल का प्रतीक माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि इनमें उनके कार्यकर्ताओं और परिवार के सदस्यों के हथियार भी शामिल हैं। खुद राजा भैया ने स्वीकार किया है कि उनके पिता उदय प्रताप सिंह एक निशानेबाज थे। उन्होंने निशानेबाजी शुरू की और अब उनकी बेटी राघवी कुमारी भी कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। यही कारण हो सकता है कि वे खुलेआम इतने हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

यह भी पढ़े : Agra Accident : आगरा में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा! 11 लोग नदी में डूबे, 3 की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें