पहाड़ों पर बारिश से दिल्ली-यूपी में बढ़ी ठिठुरन, 15 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी

UP Weather : देश के ज्यादातर राज्यों में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने आज कई इलाकों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। IMD के अनुसार, दिल्ली, यूपी, बिहार, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में 13 दिसंबर तक शीत लहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इन राज्यों में तापमान तेजी से कम हो रहा है और घने कोहरे का असर भी देखा जा सकता है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 13 से 15 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया है, खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में कोहरे का असर बढ़ सकता है। इससे सड़क यातायात और जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

पहाड़ी राज्यों के लिए भी अच्छी खबर नहीं है। IMD ने जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की बारिश और हिमपात से ठंड और बढ़ सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी अपने चरम पर है। AQI 400 के आसपास पहुंच चुका है, जिससे दिल्ली से सटा नोएडा देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। ठंडी हवाओं के कारण हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई है, और न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का कहर जारी है। प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया गया है, और 13-15 दिसंबर तक शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। इससे गलन और ठिठुरन का अनुभव बढ़ेगा, और जीवन की रफ्तार प्रभावित हो सकती है।

बिहार में भी ठंड का असर तेज हो गया है। पटना, भागलपुर, पूर्णिया, गया और आरा में सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई है। पछुआ हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड काफी बढ़ गई है। IMD ने कहा है कि कई इलाकों में शाम को धुंध छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

यह भी पढ़े : ‘ना 9 मन गेहूं होई, ना राधा गंवने जाइहें’, अखिलेश यादव पर भड़के ओपी राजभर, बोले- ‘सत्ता में हैं ही नहीं, तो पैसा कहां से देंगे?’

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें