
Putin vs Zelensky : भारत और रूस के बीच की दोस्ती अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को नहीं भा रही है। रूस से तेल खरीदने के कारण उन्होंने भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का एलान कर दिया है। वहीं, भारत और रूस के संबंध पहले जैसी मजबूत हैं, और साथ ही भारत के संबंध यूक्रेन के साथ भी संतुलित हैं।
इस बीच एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे जानने के बाद अमेरिका की बेचैनी बढ़ सकती है। बताया जा रहा है कि इस साल के अंत में रूस के राष्ट्रपति भारत आ सकते हैं। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति के भी इस साल भारत आने के संकेत मिले हैं। भारत में यूक्रेन के राजदूत ने इस बात के संकेत दिए हैं।

इसी साल भारत का दौरा कर सकते हैं यूक्रेन के राष्ट्रपति
जानकारी के अनुसार, शनिवार को भारत और यूक्रेन के संबंधों में नई दिशा देखने को मिली है। दिल्ली स्थित कुतुब मीनार यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर यूक्रेन के राष्ट्रीय झंडे से रोशन हो गया। इसी बीच, यूक्रेन के राजदूत ऑलेक्जेंडर पोलिशचुक ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि भारत और यूक्रेन के बीच रणनीतिक साझेदारी में तेजी आ रही है।
यूक्रेन के राजदूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की को भारत आने का न्योता दिया है, और दोनों पक्ष अभी तारीख तय करने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रपति जेलेंस्की का भारत आना दोनों देशों के संबंधों के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।
रूस के राष्ट्रपति भी करेंगे भारत का दौरा
बता दें कि इसी साल के अंत में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आने वाले हैं। हाल के दिनों में भारत के सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी पुष्टि की थी कि पुतिन इस साल के अंत में भारत दौरे पर आएंगे।
गौरतलब है कि यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंध तनावपूर्ण हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस से तेल खरीदने को लेकर नाराजगी जताई है और भारत पर 50 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की है।
यह भी पढ़े : गोरखपुर में फिल्मी स्टाइल में सड़क पर रोमांस! चलती बाइक की टंकी पर बैठी लड़की, युवक को ढूंढ रही पुलिस