
पंजाब। पटियाला से लौट रही सीआईए स्टाफ टीम का रामपुरा बठिंडा के पास सड़क हादसे में बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे में एएसआई जलंधर सिंह की दुखद मौत हो गई, जबकि इंस्पेक्टर राजवीर सिंह सहित चार पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में से कुछ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटियाला के राजपुरा से रेड कर वापस मुक्तसर लौट रही सीआईए टीम की सरकारी स्कार्पियो सुबह तड़के रामपुरा बठिंडा के पास एक खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय वाहन तेज गति से चल रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने एएसआई जलंधर सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल इंस्पेक्टर राजवीर सिंह का उपचार जारी है। अन्य घायलों का भी प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और हादसे का कारण स्पष्ट करने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस दुर्घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।