Punjab : भाजपा में 4 बड़े चेहरों की एंट्री, पूर्व अकाली नेता व CM भगवंत मान के पूर्व OSD भी हैं शामिल

Punjab : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अपनी ताकत बढ़ाने में जुटी हुई है। अभी हाल ही में खबर आई है कि पूर्व कांग्रेस सांसद जगमीत बराड़ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व ओएसडी ओंकार सिद्धू और सीनियर अकाली नेता चरणजीत बराड़ भी भाजपा का दामन थामेंगे।

इनके अलावा, कोटकपूरा से विधायक रहे जगमीत बराड़ के भाई रिपजीत सिंह बराड़ भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

इन नेताओं को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी चंडीगढ़ में पार्टी में शामिल करेंगे। जगमीत बराड़ खुद चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं और भाजपा में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। उन्होंने 2022 में अकाली दल से मौड़ मंडी विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा था।

पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इस घटनाक्रम को राज्य में बदलते राजनीतिक समीकरण का संकेत बताते हुए कहा कि पंजाब के लोग अब भाजपा की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह जनता की आवाज है, जो बड़े नेताओं का भाजपा में आना इस बात का प्रमाण है कि यहां बदलाव की लहर है।”

पूर्व सांसद महारानी परनीत कौर ने भी इस बदलाव को स्वीकार करते हुए कहा कि 2027 से पहले पूरे राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव हो रहा है। उनका मानना है कि भाजपा पंजाब में सरकार बनाएगी। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने दावा किया कि भाजपा आगामी चुनाव में सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा, “पंजाब के लोग अब समझ गए हैं कि चिट्‌टा, गैंगस्टरवाद और नौकरियों के मुद्दे पर भाजपा ही मजबूत विकल्प है।”

बिट्टू ने यह भी कहा कि जब जनता भाजपा की सरकार बनाएगी, तो यहां विकास की नदियां बहने लगेंगी। इन नेताओं की पार्टी में एंट्री के पीछे भाजपा का मकसद मालवा क्षेत्र पर खास ध्यान केंद्रित करना है। जगमीत बराड़, उनके भाई रिपजीत सिंह बराड़ और चरणजीत बराड़, तीनों ही मालवा इलाके के मुक्तसर से आते हैं। मालवा क्षेत्र पंजाब की सबसे ज्यादा विधानसभा सीटें रखता है, इसलिए भाजपा इस क्षेत्र को अपने आधार के रूप में मजबूत कर रही है।

यह भी पढ़े : ‘धोखा मिला..’ डोनाल्ड ट्रंप की धमकी पर ग्रीनलैंड की मंंत्री ने कहा- ‘नहीं बनना चाहते अमेरिका का हिस्सा’

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें