
चंडीगढ़ : पंजाब के नौ जिलों में बाढ़ आने के बाद केन्द्रीय गृह मंत्रालय भी सतर्क हो गया है। सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से फोन पर बात करके बाढ़ के संबंध में रिपोर्ट ली। शाह ने आश्वासन दिया कि बाढ़ से निपटने के लिए हर संभव मदद की जाएगी।
पंजाब में इस समय फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, मोगा, गुरदासपुर और बरनाला बाढ़ की चपेट में हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 1312 गांव बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं। गृहमंत्री से फोन पर हुई बातचीत के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उन्हें मौजूदा हालात और बाढ़ प्रभावित लोगों के बचाव व राहत कार्यों के लिए प्रशासन के उठाए गए कदमों की जानकारी दी। बारिश से जालंधर व लुधियाना जिलों के कई इलाकों में 2 से 3 फीट तक पानी भर चुका है। लुधियाना में 4 गाड़ियों पर दीवार गिर गई। इससे गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हो गई हैं।अमृतसर के घोनेवाला में धुस्सी बांध टूटने से आसपास का 15 किलोमीटर का इलाका बाढ़ की चपेट में आ गया है। अब पानी राजासांसी के गांवों को भी चपेट में लेने लगा है, जिसके बाद से प्रशासन अलर्ट पर है।
पंजाब में बाढ़ को लेकर बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि पंजाब में आई बाढ़ से हुई तबाही वाकई दिल तोड़ देने वाली है। प्रभावित सभी लोगों के लिए मैं ताकत और दुआएं भेज रहा हूं। मैं हर संभव तरीके से मदद करूंगा। बाबा जी सब पर कृपा करें और पंजाब की रक्षा करें।