
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने वंदे मातरम् पर संसद में हो रही चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का आत्मविश्वास कम होता दिख रहा है और सदन में गलत जानकारी प्रस्तुत की गई है। सत्तारूढ़ पक्ष द्वारा टोका-टाकी किए जाने पर प्रियंका ने पलटवार करते हुए कहा— “हम देश के लिए हैं, आप चुनाव के लिए।”
प्रियंका ने प्रधानमंत्री द्वारा वंदे मातरम् की चुनिंदा पंक्तियाँ उद्धृत किए जाने पर भी आपत्ति जताई और कहा कि राष्ट्रगीत के साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है।
वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने वंदे मातरम् की राष्ट्र-निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि यह गीत 150 वर्षों से भारतीयों की आत्मा में बस चुका है। लेकिन उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि देश की आज़ादी के 75 साल बाद भी, संसद में चुनावी सुधारों के बजाय संशयपूर्ण समय पर राष्ट्रगीत पर चर्चा क्यों कराई जा रही है।













