
भास्कर ब्यूरो
जनपद के मुस्लिम समाज द्वारा गुरुवार को शब-ए-बरात का त्योहार मनाएगी। इसके लिए जनपद में तैयारियां पूरी हो गई है। आदर्श नगरपालिका महराजगंज के बीर अब्दुल हमीद नगर के सभासद प्रतिनिधि रूहुल्लाह खान ने कब्रिस्तानों में साफ-सफाई करवाई है। साथ ही बिजली की रोशनी की चाक-चौबंद व्यवस्था भी की गई है। इस दिन मुस्लिम समाज के लोग अपने पूर्वजों की कब्र पर जाकर दुआ करेंगे और फातिहा भी पढ़ेंगे। वहीं शाम को इबादतगाहों में इबादत करेंगे,जो रात भर चलेगा।
बता दें कि इस रात कब्रिस्तान जाकर पूर्वजों के लिए विशेष दुआ की जाती है। मौलाना बेलाल अहमद ने बताया कि शब-ए-बरात 15वीं शअबान के साथ जुड़ी हुई है। शअबान का मुकम्मल महीना इबादत की ओर रोजों का महीना है। नबी करीम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम इस महीने में खूब इबादत फरमाते और रमजान के बाद सब से ज्यादा रोजे नबी इसी महीने में रखते रहे। यह इबादत की रात है। इसमें इंसान अपने घर पर रहकर अल्लाह को राजी करने की कोशिश करे। उन्होंने कहा कि इस रात को नौजवानों को घूमने फिरने से परहेज करना चाहिए। यह रात सिर्फ आमाल को बेहतर बनाने के लिए है, ज्यादा से ज्यादा इबादत करने की कोशिश करनी चाहिए।
जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने कहा कि इस मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता इंतजाम किया गया है। हर एक गतिविधियों पर महराजगंज की पैनी नजर रखी जा रही है। गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।










