जनगणना 2027 की तैयारियाँ तेज : 15 जनवरी 2026 तक सभी राज्यों को कर्मचारियों की नियुक्ति का आदेश

नई दिल्ली : रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (RGI) ने सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश जारी किए हैं कि वे 15 जनवरी 2026 तक जनगणना कर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर लें। जनगणना के विशाल डेटा संग्रह कार्य को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने हेतु यह आदेश दिया गया है।

कितने गणनाकार और सुपरवाइजर होंगे?
सर्कुलर के मुताबिक एक गणनाकार लगभग 700-800 लोगों की गणना करेगा। हर छह गणनाकार के लिए एक सुपरवाइजर नियुक्त किया जाएगा। आपात स्थिति में काम आने के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त गणनाकार और सुपरवाइजर आरक्षित रखे जाएंगे। नियमों के अनुसार शिक्षक, क्लर्क या राज्य सरकार व स्थानीय निकायों का कोई भी अधिकारी गणनाकार बन सकता है, जबकि सुपरवाइजर उच्च पद वाले अधिकारी होंगे।

कौन संभालेगा जिम्मेदारी?
प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी या जिला मजिस्ट्रेट को मुख्य जनगणना अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। डिवीजन स्तर पर डिवीजनल कमिश्नर यह दायित्व संभालेंगे, जबकि नगर निगमों में नगर आयुक्त अथवा निकाय प्रमुख जनगणना अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। देशभर में करीब 34 लाख फील्ड कर्मचारी जनगणना कार्य में लगाए जाएंगे।

दो चरणों में होगी जनगणना
जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी—
अप्रैल से सितंबर 2026 तक हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग गणना
फरवरी 2027 में आबादी गणना, जिसकी संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027, रात 12 बजे होगी

बर्फबारी वाले क्षेत्रों जैसे लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में यह कार्य सितंबर 2026 में किया जाएगा, जिसकी संदर्भ तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।

डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम
RGI ने ‘जनगणना मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (CMMS)’ नामक वेब पोर्टल तैयार किया है, जिसके माध्यम से नियुक्ति प्रक्रिया और फील्ड कार्य की रियल-टाइम निगरानी की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें