प्रयागराज : विधायक पूजा पाल की दधिकांदो मेले में लगी होर्डिंग, बसपा में वापसी या भाजपा की राह?

प्रयागराज : विधायक पूजा पाल एक बार फिर सियासी सुर्खियों में आ गई हैं। धूमनगंज के सुलेम सराय समेत शहर के कई हिस्सों में दधिकांदो मेले को लेकर लगाए गए उनके होर्डिंग चर्चा का विषय बने हुए हैं। खास बात यह है कि ये होर्डिंग नीले रंग में लगाए गए हैं, जिन पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर भी लगी है। नीले रंग की होर्डिंग ने राजनीतिक गलियारों में कयासबाजी को हवा दे दी है। राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि पूजा पाल कहीं एक बार फिर बसपा की ओर तो नहीं झुक रही हैं।

दरअसल, वह 2007 और 2012 में बसपा से शहर पश्चिमी सीट की विधायक रह चुकी हैं। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से पूजा पाल की राजनीतिक दिशा को लेकर अलग-अलग संकेत मिल रहे हैं। मानसून सत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था की जमकर तारीफ की थी और कहा था कि उनके नेतृत्व में ही उन्हें न्याय मिला। इस बयान से नाराज सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

2019 में सपा से जुड़ी पूजा पाल को 2022 के विधानसभा चुनाव में चायल सीट से टिकट मिला, मगर धीरे-धीरे उनकी दूरी पार्टी से बढ़ती गई। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग और लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार के आरोप भी उन पर लगे। इसके अलावा, वह कई बार सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से भी मुलाकात कर चुकी हैं।

सपा से निष्कासन के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं लगातार उठ रही हैं। लेकिन अब नीले रंग की होर्डिंग सामने आने से नए राजनीतिक संकेत पढ़े जा रहे हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि पूजा पाल की अगली राजनीतिक पारी भाजपा में होती है या वह किसी और दिशा में कदम बढ़ाती हैं।

ये भी पढ़ें: झांसी : किराए पर दर्जनों गाड़ियां लेकर गैंग लाखों का नुकसान, पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस से लगाई गुहार

सीतापुर : 15 लाख की नकली शराब बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें