
प्रयागराज : गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर एक बार फिर तेज़ी से बढ़ रहा है। दोनों नदियों का जलस्तर 82 मीटर से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे कछारी बस्तियों के पास तक पानी पहुंच गया है। शनिवार तक इन बस्तियों में पानी घुसने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
पिछले 24 घंटे में यमुना में 1 मीटर और गंगा में 70 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। सिंचाई विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, नैनी में यमुना का जलस्तर 82.12 मीटर और फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 82.13 मीटर तक पहुंच गया है। छतनाग में गंगा के जलस्तर में 131 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे कछारी इलाकों पर दबाव और बढ़ गया है।
प्रभावित क्षेत्र और संभावित खतरे
छोटा बघाड़ा, सलोरी, नेवादा, अशोक नगर और बेली कछार जैसे क्षेत्रों में गंगा का पानी बस्तियों के निकट तक पहुंच चुका है। शाम होते-होते छोटा बघाड़ा और अशोक नगर के निचले इलाकों में सड़कों पर गंगा की लहरें दिखने लगी थीं। सिंचाई विभाग के अनुसार, यमुना का जलस्तर हर घंटे 5 सेमी, जबकि गंगा का जलस्तर 3 सेमी की दर से बढ़ रहा है।
गंगा का दबाव बढ़ने के कारण कछार के निचले इलाकों में नालियों से भी पानी ऊपर चढ़ने लगा है, जिससे सड़कों के जलमग्न होने की आशंका और बढ़ गई है। शिवकुटी की चिल्ला बस्ती की सड़कों पर पानी पहुंच गया है और अब घर में पानी घुसने की स्थिति बन रही है।
स्थानीय निवासी राहुल ने बताया कि वे सामान समेटने लगे हैं ताकि पानी बढ़ने पर ऊपरी मंजिल पर शिफ्ट किया जा सके।
प्रशासन की तैयारी और राहत इंतजाम
बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तेज़ी से राहत इंतजाम शुरू कर दिए हैं।
- 8 बाढ़ राहत शिविर सक्रिय कर दिए गए हैं
- प्रभावित क्षेत्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश दे दिए गए हैं
- बघाड़ा स्थित एनी बेसेंट स्कूल, न्याय मार्ग पर ऋषिकुल, और छावनी गेस्ट हाउस में तैयारी पूरी कर ली गई है
एसडीएम सदर अभिषेक सिंह ने बताया कि अगर जलस्तर की वृद्धि इसी रफ्तार से जारी रही, तो शनिवार सुबह तक पानी बस्तियों में घुस सकता है। नजदीकी टेंट हाउस में बिस्तर, भोजन आदि की बुकिंग करा ली गई है। लोगों के आने पर शिविरों में आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
60 लाख की राहत राशि की मांग
जिला प्रशासन ने बाढ़ राहत कार्यों के लिए ₹60 लाख की मांग की है।
जिलाधिकारी (DM) की ओर से राहत आयुक्त को पत्र भेजकर तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
ये भी पढ़ें:
वाराणसी : बीएचयू के छात्रों के साथ युवा प्रतिनिधियों और विशिष्ट जनों ने की भागीदारी
https://bhaskardigital.com/varanasi-youth-representatives-and/
जालौन : चोरी के इरादे से घर में घुसे चोरों ने महिला को पीटकर किया घायल, जेवर नगदी लेकर हुए फरार
https://bhaskardigital.com/jalaun-thieves-entered-the-house-2/