प्रयागराज : गंगा-यमुना उफान पर, 12 घंटे में बढ़ा जलस्तर, गंगा जी ने हनुमानजी को चौथी बार स्नान कराया

प्रयागराज : गंगा और यमुना फिर से उफान पर हैं। यमुना की रफ्तार गंगा से तेज है, जिससे कछारी इलाकों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के बाद प्रयागराज में स्थिति बिगड़ गई है। सोमवार को गंगा ने हनुमानजी को चौथी बार स्नान कराया। मंगलवार को भी जलस्तर में बढ़ोतरी जारी रही। कछार में बसे लोगों को एक बार फिर बाढ़ का खतरा सताने लगा है।

यमुना नदी के जलस्तर में तेज बढ़ोतरी से प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है। स्थिति यह रही कि सुबह आठ बजे से रात आठ बजे के बीच यानी 12 घंटे में यमुना के जलस्तर में 183 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसकी वजह से गंगा में भी दबाव बढ़ा और जलस्तर में प्रति घंटा पाँच सेंटीमीटर से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।

यमुना के उफान का सिलसिला रविवार को ही शुरू हो गया था और सोमवार को इसने खतरनाक रूप ले लिया। सिंचाई विभाग की रविवार रात आठ बजे की रिपोर्ट के अनुसार यमुना का जलस्तर 79.57 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार रात आठ बजे यह 81.80 मीटर हो गया। यानी 24 घंटे में यमुना के जलस्तर में 2.23 मीटर की वृद्धि दर्ज की गई।

गंगा के जलस्तर में भी बढ़ोतरी शुरू हो गई है। दिन में 12 बजे तक इसकी रफ्तार कम थी, लेकिन रात आठ बजे की रिपोर्ट के अनुसार मात्र चार घंटे में 22 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। चिंता की बात यह है कि आगे भी स्थिति सुधरने के आसार नहीं हैं। यमुना के साथ बेतवा भी उफान पर है, जिससे छह लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके अलावा टोंस नदी में भी पानी का दबाव बढ़ा हुआ है। इससे हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं और यमुना के जलस्तर में और तेजी से बढ़ोतरी की आशंका है।

हालांकि राहत की बात यह है कि गंगा नदी में फिलहाल ऊपर से पानी छोड़े जाने की कोई सूचना नहीं है। सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता रमेश कुमार सिंह का कहना है कि राजस्थान और मध्य प्रदेश में लगातार बारिश जारी है। यमुना और बेतवा में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। टोंस का दबाव भी बना हुआ है, जिससे पानी तेजी से निकल नहीं पा रहा। उनका कहना है कि यमुना के जलस्तर में वृद्धि जारी रहेगी, हालांकि कुछ दिनों पहले आई बाढ़ जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है।

ये भी पढ़ें: गाजीपुर : डंपर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचला, दोनों की मौत

बस्ती : महुलानी गांव के विकास कार्यों में गोलमाल, जांच पूरी, कार्यवाही की तैयारी

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें