
Prayagraj : जमुनापार क्षेत्र, कौंधियारा थाना क्षेत्र के अगुवईया गांव में शुक्रवार सुबह ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। शुक्खू का पुरा, थाना धूरपुर निवासी रवि कुमार बिंद 28 पुत्र मुन्नू लाल बिंद की लाश ससुराल के पीछे धान के खेत में पड़ी मिली। आठ वर्ष पूर्व उसका विवाह अगुवईया निवासी जमुना प्रसाद बिंद की पुत्री प्रतिमा बिंद से हुआ था। उसके तीन छोटे बच्चे रिया, रमन और अमन हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात रवि किसी काम से खेत की ओर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने उसका अर्धनग्न शव खेत में पड़ा देखा, जिसके चेहरे पर चोट के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना पर एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान, थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई अशोक ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। एसीपी ने बताया कि मौत संदिग्ध है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।











 
    
    