
Pratapgarh : प्रयागराज जिले के पट्टी कोतवाली क्षेत्र के उड़ैयाडीह बाजार में सात साल की बालिका के साथ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश जावेद अस्पताल से भाग निकला है। आरोपी को पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। इस दौरान वह घायल हो गया था और अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस की गोली से घायल जावेद को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया, इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया गया था।
प्रातः करीब चार बजे जावेद अस्पताल में भर्ती था, तभी उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी गहरी नींद में सो गए। इसी दौरान वह मौका पाकर अस्पताल से भाग निकला। जब सुबह इसकी जानकारी मिली, तो पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आरोपी की फरार की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही
इस मामले में एसपी ने गंभीरता दिखाते हुए, आरोपी की सुरक्षा में लगे एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के भागने में पुलिसकर्मियों की लापरवाही का बड़ा हाथ है, जो गहरी नींद में सो रहे थे।
उड़ैयाडीह बाजार में सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले को लेकर पहले ही पुलिस की तत्परता पर सवाल उठ चुके हैं। दो दिन पहले ही व्यापारियों ने इस घटना के विरोध में बाजार बंद कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, और पुलिस की कई टीमें उसकी खोजबीन में जुटी थीं।
पुलिस की अनेक टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। लेकिन, अस्पताल से आरोपी का भाग जाना और पुलिसकर्मियों की नींद में सोने की खबर ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज किए गए हैं।
यह भी पढ़े : Epstein Files : दीवारों पर टंगी थी बच्चों की अश्लील तस्वीरें, जारी हुई रोंगटे खड़ी करने वाली फाइल










