बिहार में प्रशांत किशोर को भी याद आ गए ‘अल्लाह’, मजदूरों से पूछा- RJD-BJP से क्यों डरते हैं?

Bihar Politics : जन सुराज के प्रशांत किशोर ने जोकीहाट और नरपतगंज में बिहार बदलाव सभा को संबोधित करते हुए रोजगार सृजन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जन सुराज की सरकार बनने पर युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए लालू-नीतीश पर बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बनाने का आरोप लगाया और लोगों से जन सुराज प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की।

प्रशांत किशोर ने मंगलवार को जोकीहाट प्रखंड के उमानाथ राय हाईस्कूल मैदान और नरपतगंज के हाई स्कूल मैदान में बिहार बदलाव सभा को संबोधित किया। कहा कि यदि जन सुराज की सरकार बनती है, तो किसी को रोजगार के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, देहरादून या मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हर युवा को अपने गांव में ही काम मिलेगा, जिससे पलायन खत्म होगा।

उन्होंने कहा कि लालू यादव के डर से मोदी, नीतीश और भाजपा को वोट देने की मजबूरी रही है। हमारा मुख्य लक्ष्य बिहार में रोजगार सृजन करना है। कल-कारखाने लगेंगे, खेतों से लेकर फैक्ट्रियों तक काम मिलेगा। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत मोदी नहीं, बल्कि आरएसएस है। गांधीजी के विचारों को अपनाकर देश की तरक्की होगी। सभा में उन्होंने जन सुराज के प्रत्याशी सरफराज आलम के पक्ष में वोट देने की अपील की। इस दौरान सभा स्थल पर उमानाथ, महलगांव, जोकीहाट, पलासी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे।

इसी क्रम में नरपतगंज के हाई स्कूल मैदान में भी जन सुराज के स्थानीय प्रत्याशी जनार्दन यादव को समर्थन देने की अपील की गई। कहा कि आपने यहां से भाजपा के सांसद-विधायकों को 25 साल तक जिताया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चे अभी बहुत मुश्किल से छठ पर्व में घर लौट सके हैं। यदि आपने उनके लिए वोट नहीं दिया, तो वे फिर से पीठ पर बोरा रखकर वापस जाने को मजबूर होंगे, और अगले पांच साल तक यह स्थिति नहीं सुधरेगी।

उन्होंने कहा कि लालू और नीतीश मिलकर पिछले 35 सालों में बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बना कर रखा है। आज आपके पास मौका है और विकल्प है। यदि आप समझदारी नहीं दिखाएंगे, तो अगले पांच साल फिर ये लोग आपको लूटते रहेंगे। कहा कि इस बार नाली-गली के लिए नहीं, बल्कि हिंदू-मुसलमान के लिए, अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दीजिए।

यह भी पढ़े : Maharashtra : नागपुर में किसानों का प्रदर्शन! कर्ज माफी को लेकर बंद किया नेशनल हाइवे, ‘ट्रेने रोको आंदोलन’ की दी चेतावनी

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें