
महाराष्ट्र के सतारा जिले के फलटण इलाके में एक महिला डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली। डॉ. संपदा मुंडे सतारा जिला अस्पताल में तैनात थीं। हैरानी वाली बात यह है कि उन्होंने अपने हाथ पर सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें दो पुलिसकर्मियों पर दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।
सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि वह पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच चल रहे विवाद में फंसी हुई थीं। एक मेडिकल जांच से संबंधित मामले में पुलिस अधिकारियों से उनका वाद-विवाद हुआ था, जिसके बाद विभागीय जांच भी शुरू हुई। इस घटना ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस पर लगे आरोपों की जांच की मांग की जा रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना की जानकारी ली है। उन्होंने सतारा के पुलिस अधीक्षक से तुरंत संपर्क किया और संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला डॉक्टर को आत्महत्या के बाद एक होटल के कमरे में मृत पाया गया। उसने अपने हाथ पर लिखा सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने 5 महीनों तक बलात्कार और यौन उत्पीड़न का आरोप पुलिस उपनिरीक्षक गोपाल बदाने पर लगाया है। उसने यह भी लिखा कि पुलिस अधिकारी प्रशांत बनकर ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। घटना के बाद शव का पोस्टमार्टम कर लिया गया है और सुसाइड नोट की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़े : पेट्रोल पंप थप्पड़कांड में FIR दर्ज कराने वाली दीपिका व्यास निकली SDM की फर्जी पत्नी, खुला दो पत्नियों वाला राज















