
सचिन त्रिपाठी
कानपुर, । कानपुर में लगातार बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। प्रशासन ने चौबेपुर में एक अस्थाई जेल बनायी है, जिसमें तब्लीगी जमातियों और उनके संपर्क में आये लोगों को क्वारंटाइन में रखा जाएगा। प्रशासन ने तब्लीगी जमातियों और उनके संपर्क में आये लोगों के खिलाफ अभियान शुरु कर दिया है। बताते चलें कि निजामुद्दीन मरकज से लौटे लोगों के बारे में जानकारी देने से स्वजन कतरा रहे हैं, वहीं तब्लीगी जमातियों को अभी भी घरों में छिपाकर रखने की जानकारी मिल रही है।
निजामुद्दीन से लौटने के बाद शहर में तब्लीगी जमात के सदस्य शहर के कई स्थानों पर जाकर रुके थे। पुलिस ने आठ विदेशी जमातियों को पकड़ने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया तो उनके मूवमेंट का पता लगा। इसके बाद से पुलिस लगातार जमातियों व उनके संपर्क में आये लोगों की जांच करा रही है। जिससे कानपुर में बराबर कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है और शनिवार तक यह आंकड़ा 30 तक जा पहुंचा है। लगातार इस आंकड़े के बढ़ने से प्रशासन को अभी भी शक है कि शहर में जमाती छिपे हुए हैं और उनके संपर्क में आये लोग भी जानकारी नहीं दे रहे हैं।
प्रशासन को यह भी आशंका है कि अभी तमाम जमाती ऐसे हैं जो सामने आकर अपनी ट्रैवल हिस्ट्री नहीं बता रहे हैं। उनके स्वजन भी यह राज छिपा रहे हैं। लिहाजा शासन ने व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर जमातियों की पहचान करने और उन्हें छिपाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए कहा है। तब्लीगी जमात के भागे सदस्यों और उन्हें छिपाने वालों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और जिला कारागार की बजाय अस्थाई जेल में रखा जाएगा। इसके लिए चौबेपुर के विद्या भवन कॉलेज ऑफ फार्मेसी स्कूल को अस्थाई जेल बनाया गया है। यहां पर ऐसे लोगों को रखा जाएगा, जिन्होंने पुलिस प्रशासन को सूचना देने के बजाए तब्लीगी जमात के सदस्यों को शरण दी और छिपाऐ रखा है। इसके साथ ही अब जो भी तब्लीगी सदस्य शहर में पकड़ा जाएगा उसे भी यहीं पर रखा जाएगा और उसे घर नहीं जाने दिया जाएगा चाहे वह देश के किसी शहर का हो या विदेश का हो।
जिला स्तरीय करेंगे मॉनिटरिंग
जिलाधिकारी डा. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि चौबेपुर में अस्थाई जेल बनायी गयी है और यहां की व्यवस्थाओं के लिए संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। बताया कि सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी एसएसपी अनंत देव संभालेंगे, स्वास्थ्य व चिकित्सा की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अशोक शुक्ला देखेंगे। इसके साथ ही साफ सफाई और पानी की व्यवस्था नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी की जिम्मेदारी में होगा। उन्होंने यह भी बताया कि पता चला है कि कानपुर के 31 जमाती बीते दिनों बस्ती गये थे और वहां की पुलिस ने उन्हें पकड़कर क्वारंटाइन भी किया था। इसके बाद वह वहां से भाग निकले हैं। ऐसे में संभावना है कि वह लोग कानपुर में छिपे हैं। इसके लिए पुलिस के साथ ही एलआई को लगाया गया है और जल्द ही पुलिस अभियान चलाकर उन्हें पकड़ेगी।
घर नहीं भेजे जाएंगे जमाती
पॉजिटिव पाए गए मरकज से लौटे जमातियों को इलाज के बाद अस्थाई जेल में रखने की योजना जिलाप्रशासन ने बनाई है। आपको बता दें चौबेपुर थाना क्षेत्र के बेला रोड पर विद्या भवन कालेज में अस्थाई जेल बनाई जा रही है जिसका आज जेल अधीक्षक, एसपी ट्रैफिक व एसपी वेस्ट ने निरीक्षण किया। जो भी कोरोना पाज़ीटिव मरीज है उन्हें क्वारेंटाइन पूरा करने के बाद भी घर नहीं भेजा जाएगा क्योंकि शासन प्रशासन की मंशा है कि इस बीमारी को लोगां तक पहुचने में इससे रोक सकते हैं। वहीं सीओ बिल्हौर देवेन्द्र मिश्रा का कहना है कि जो हमें आदेश हुआ था अस्थाई जेल बनाने का उसकी हमने पूरी तैयारी कर ली है जो भी कोरोना पॉजिटिव हो या निगेटिव हो या जिनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं उनको प्रशासन यहां भेजेगा जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई।।










