
राजधानी दिल्ली के पश्चिमी जिले के विकासपुरी इलाके में एक बार फिर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है, जिसके पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश की पहचान आकाश झा के रूप में हुई है, जो इंद्रा कैंप विकासपुरी का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि आकाश झा उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में एक गुंडा एक्ट के मामले में भी वांछित था। पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर के अनुसार, जिले की स्पेशल स्टाफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि आकाश नाम का बदमाश लोगों को धमकाकर उनसे वसूली करने का प्रयास कर रहा है।
अधिकारियों ने आकाश के ठिकाने का पता लगाकर रात डेढ़ बजे विकासपुरी के एक घर पर छापा मारा। पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें गोली एक सिपाही के बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आकाश के पैर में लगी।
घायल आकाश को तुरंत डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी सेहत स्थिर बताई गई है। जांच में पता चला है कि आकाश झा उर्फ मोनू कई गंभीर अपराधों में भी शामिल रहा है। उसने लूट, गोलीबारी और अन्य मामलों में संलिप्तता दिखाई है। उसे 2024 में मायापुरी इलाके में गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किया गया था और नवंबर 2024 में वह जेल से रिहा हुआ था।