
Banda : उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार की रात थाना कालिंजर और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद चोरी के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश इरशाद के पैर में गोली लगी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। चोर रात के अंधेरे में होंडा कार से निकलते थे और सूने घरों व दुकानों को निशाना बनाते थे।
जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात पुलिस की टीम अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सौंता मोड़ के पास बांदा रोड की तरफ से आ रही एक होंडा कार को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन कार सवार तेज गति से वाहन मोड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए करीब एक किलोमीटर आगे सढ़ा लिंक रोड पर घेराबंदी की। इस बीच कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में फंस गई। घिर जाने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश इरशाद के पैर में गोली लग गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी देर रात होंडा कार से निकलकर घरों के ताले काटते और दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। ये बदमाश बांदा, महोबा, फतेहपुर, प्रयागराज, मध्य प्रदेश सहित कई जिलों में सक्रिय थे और बीती रात भी किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे।
मौके से पुलिस ने एक होंडा कार, अवैध तमंचे व कारतूस तथा ताला तोड़ने के औजार बरामद किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि घायल आरोपी इरशाद के खिलाफ हत्या के प्रयास और पुलिस मुठभेड़ सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनसे पूछताछ कर गिरोह के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।
यह भी पढ़े : Bihar Election 2025 : बिहार में 45 सीटों पर जीत-हार से पलट सकती है NDA की बाजी, नीतीश की बढ़ी टेंशन










