
जयपुर : पुलिस कमिशनर बीजू जॉर्ज जोसफ और अन्य पुलिसकर्मियों को अपशब्द बोलने वाले पुलिस कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह को सोमवार देर रात विधायकपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह ने 20 मार्च को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर छह पुलिस अधिकारियों और एक निजी व्यक्ति के खिलाफ गलत टिप्पणी की थी। इस पर हरजी खटीक की ओर से विधायकपुरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
सहायक पुलिस आयुक्त अशोक नगर बालाराम चौधरी ने बताया कि आरोपी ने 20 पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अपशब्द कहे थे, जिसके बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया था। आरोपी पुलिस कांस्टेबल पर पूर्व में भी इस प्रकार की कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
आरोपी से पूछताछ में उसने नशे में होने की बात कही है, जबकि पुलिस जांच कर रही है कि उसने इतने गंदे शब्दों का इस्तेमाल क्यों किया और किस वजह से उसने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ यह टिप्पणी की।