Jhansi : झाँसी में फिर गरजी पुलिस की गोली, हत्या का आरोपी संजय घायल, दो साथी गिरफ्तार

Jhansi : झाँसी में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हत्या के नामजद आरोपी संजय पुत्र मुन्ना पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं मौके से पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों भान सिंह और कमल सिंह को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और खोखा भी बरामद किया गया है।

दरअसल, 6 सितंबर को भोजला गांव निवासी अरविन्द यादव की हत्या आरोपी रिकू यादव और उसके साथियों ने कर दी थी। इस मामले में पुलिस अब तक 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। शेष आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को बीती रात सफलता हाथ लगी, जब सीपरी बाजार क्षेत्र में बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली।

सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी संजय घायल हो गया और दो अन्य मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए।

नवागत एसपी सिटी प्रीति सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि “झाँसी पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और घायल आरोपी की सुरक्षा व्यवस्था के बीच इलाज कराया जा रहा है।

यह भी पढ़े : Sonam Wangchuk : लद्दाख में हिंसा के बाद सोनम वांगचुक पर सरकार का एक्शन! SECMOL का FCRA लाइसेंस रद्द

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें