
कोल्हुई, महराजगंज : कोल्हुई के मुख्य तिराहे पर रविवार को अचानक पुलिस अधीक्षक महराजगंज की गाड़ी रुकी, जिससे स्थानीय लोग चौंक गए। गाड़ी रुकने के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा पीडब्ल्यूडी परिसर में कोल्हुई की बढ़ती आबादी के मद्देनजर पुलिस बूथ की स्थापना के लिए जमीन का जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह के साथ मिलकर मुख्य तिराहे के पास स्थित पीडब्ल्यूडी परिसर का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि कोल्हुई क्षेत्र में बढ़ती आबादी और मुख्य तिराहे पर भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बूथ की स्थापना बेहद आवश्यक है। यह कदम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
स्थानीय निवासी धर्मेंद्र शाही ने बताया कि मुख्य तिराहे पर पुलिस बूथ का निर्माण होने से उपनगर वासियों को काफी राहत मिलेगी। इससे शांति व्यवस्था बनी रहेगी और पुलिस को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने में आसानी होगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे अपराध पर भी काबू पाया जा सकेगा।
इस कदम से कोल्हुई की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिलेंगी। पुलिस अधीक्षक की यह पहल स्थानीय जनता के लिए एक सकारात्मक बदलाव साबित हो सकती है।