वाराणसी में धारदार हथियार से हत्या के आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार

वाराणसी : थाना बड़ागांव क्षेत्र में 26 दिसंबर की रात हुई युवक अश्वनी सिंह उर्फ मोनल की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान लवकुश पटेल उर्फ लालू पुत्र सुरेश पटेल के रूप में हुई है।

यह जानकारी रविवार को पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन (डीसीपी गोमती) कार्यालय की ओर से दी गई। बताया गया कि पुलिस टीम ने आरोपित को इंदरखापुर चक्का सीमा क्षेत्र से दबोचा।

पुलिस के अनुसार, 26 दिसंबर की रात अश्वनी सिंह 23, पुत्र स्व. त्रिभुवन सिंह, निवासी थाना बड़ागांव क्षेत्र, का अर्जुन पटेल उर्फ शनि, आर्यन पटेल उर्फ ठल्लू, लवकुश पटेल उर्फ लालू तथा तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों से विवाद हो गया था। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने धारदार हथियार से अश्वनी के पेट पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर थाना बड़ागांव में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गोमती आकाश पटेल एवं अपर पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन वैभव बांगर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सहायक पुलिस आयुक्त पिण्डरा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। इसी क्रम में थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार राय, उपनिरीक्षक रविन्द्रनाथ दूबे एवं पुलिस टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

पूर्व विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि ग्राम भेलखा स्थित सूर्या भट्टा के पास मादक पदार्थ सेवन के दौरान अश्वनी सिंह से गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। इसके बाद अश्वनी अपने मित्र के घर भोजन करने चला गया। बाद में पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने रिश्तेदार अर्जुन और आर्यन के साथ मिलकर अश्वनी पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित पुलिस से बचने के लिए फरार होने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़े : फर्जी नौकरियाँ, असली धोखाधड़ी क्राइम ब्रांच कश्मीर ने कई लाख के रोजगार घोटाले में आरोपपत्र दाखिल किया

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें