
Hamirpur : हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में शेरू नाम के कुत्ते ने इन दिनों पुलिस महकमें की नींद हराम कर रखी है। थाने में एक कुत्ते के दो मालिकों की दावेदारी ने खाकी को धर्मसंकट में डाल दिया है। अब पुलिस असली मालिक को ढूंढने के लिए पड़ताल में जुट गई है। खासबात यह है कि 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस शेरू को उसके असली मालिक से नहीं मिलवा सकी है। और शेरू को थाने में ही पुलिस की देखरेख में रात काटनी पड़ रही है। यह अजीबोगरीब मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, शेरू को कुंडौरा के श्रीपत कुशवाहा और सुमेरपुर निवासी घनश्याम यादव की बेटियां अपना अपना बता रही हैं। जिसको लेकर विवाद हो गया जो थाने तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की शेरू के लिए मजबूत दावेदारी को देख पुलिस भी चकरा गई। मामला को बढ़ता देख शेरू को पुलिस ने अपनी देखरेख में थाने में भी बैठा लिया है
चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस इस बेजुबान जानवर के असली मालिक का कोई सुराग नहीं लगा पाई है, जिसके चलते ‘शेरू’ को बिना किसी जुर्म के थाने में रहना पड़ रहा है। वहीं पुलिस ने शेरू को अपना साबित करने के लिए दोनों पक्षों से ठोस सबूत मांगे हैं। सही दावेदारी साबित करने के लिए प्रमाण पत्र जैसे- फोटो, मेडिकल रिकॉर्ड आदि देने को कहा है।
हमने शेरू को बचपन से पाला
दूसरी बार थाने पहुंची कुंडौरा गांव सेजल कुशवाहा का कहना है कि शेरू को उन्होंने बचपन से पाला है। परिवार का दावा है कि वे उसको नारायणपुर से लेकर आया थे। सात महीने से अधिक समय से उनके पास है। सेजल का दावा है कि शेरू उन्हीं का पालतू है। 24 घंटे से शेरू को थाने में बैठा रखा है उनके सुपुर्द नहीं किया जा रहा है।
शेरू की याद में छूटा खाना पानी
वहीं, दूसरी ओर सुमेरपुर की रहने वाली चाहत यादव के अनुसार जबसे शेरू घर से गया है न भूख लग रही न ही किसी काम में मन लग रहा है। करीब 8 दिनों से अच्छे से खाना तक नहीं खाया है। चाहत ने बताया कि शेरू शनिवार से उनके घर से लापता है।
शेरू की पहचान को बुलाए गए प्रधान जी
शेरू को लेकर दोनों पक्षों की प्रबल दावेदारी से चकराई पुलिस ने ग्राम प्रधान को बुलाया और कुत्ते के असली मालिक को पहचानने में मदद को कहा। ग्राम प्रधान ने पुलिस को बताया कि यह कुत्ता पहले सेजल कुशवाहा के घर में ही देखा गया है। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल शेरू को थाने में ही रखा है। मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि जांच की जा रही है और सभी साक्ष्यों के आधार पर ही कुत्ते को उसके असली मालिक के सुपुर्द किया जाएगा।
यह भी पढ़े : Fatehpur : बिंदकी क्षेत्र में बेखौफ चल रहा जुए का अड्डा! इंस्पेक्टर के कारखास सस्पेंड, फिर भी नहीं बंद हुए गलत काम