प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले PM मोदी : कहा – रूसी नागरिकों को मिलेगा 30 दिन का मुफ्त वीजा

नई दिल्ली : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत दौरा आज अपने दूसरे दिन में है। आज उन्होंने सुबह राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद पुतिन राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

राजघाट के कार्यक्रम के बाद पुतिन हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में शामिल हुए। बैठक में भारत-रूस के रणनीतिक साझेदारी, रक्षा, ऊर्जा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग, व्यापार और निवेश बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई। पुतिन ने कहा कि रूस पिछले आधी सदी से भारतीय सेना को हथियार और आधुनिक तकनीक उपलब्ध करा रहा है, जिसमें एयर डिफेंस, एविएशन और नेवी शामिल हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इस दौरे और समझौतों से दोनों देशों के लोगों के लिए रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।

पुतिन ने कहा कि भारत और रूस ब्रिक्स, एससीओ और अन्य देशों के साथ स्वतंत्र और आत्मनिर्भर विदेश नीति अपना रहे हैं और संयुक्त राष्ट्र के कानून के मुख्य सिद्धांतों की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रूस भारत के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र के निर्माण में सहयोग कर रहा है और दोनों देश धीरे-धीरे अपनी-अपनी राष्ट्रीय मुद्रा में भुगतान बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। उनका उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक बढ़ाना है और मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत भी जारी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हमेशा शांति का पक्ष रखता है और आतंकवाद के खिलाफ रूस के साथ मिलकर काम करता रहा है। उन्होंने दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान, स्नेह और व्यावसायिक सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। मोदी ने बताया कि रूस में भारत के दो नए वाणिज्य दूतावास खोले गए हैं और जल्द ही रूसी नागरिकों के लिए 30 दिन का नि:शुल्क टूरिस्ट वीजा और ग्रुप टूरिस्ट वीजा शुरू किया जाएगा। इसके अलावा, दोनों देश मिलकर वोकेशनल एजुकेशन, स्किलिंग और ट्रेनिंग में सहयोग करेंगे और छात्रों व खिलाड़ियों का आदान-प्रदान बढ़ाया जाएगा।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर सकारात्मक और मैत्रीपूर्ण माहौल में चर्चा की और भारत-रूस संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें