‘100 KM तक अंदर घुसकर मारने की पीएम मोदी ने दी थी खुली छूट..’ रीवा में ऑपरेशन सिंदूर पर बोले सेना प्रमुख

आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना को खुली छूट दी थी। इसके तहत, भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सीमा के करीब 100 किलोमीटर अंदर जाकर सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कार्रवाई की।

रीवा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन का उद्देश्य केवल दुश्मन पर विजय प्राप्त करना ही नहीं था, बल्कि संप्रभुता, अखंडता और शांति की पुनः स्थापना भी था। उन्होंने बताया कि यह नाम प्रधानमंत्री मोदी ही ने तय किया था। उन्होंने कहा, “जब भी कोई बेटी, मां या बहन अपने माथे पर सिंदूर लगाती है, तो उसकी दुआएं देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर खड़े सैनिकों के लिए जाती हैं।”

सेना का आत्मविश्वास और समर्पण

जनरल द्विवेदी ने कहा कि आत्मविश्वास और शांति बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा, “दूसरों पर और अपने ऊपर विश्वास बहुत जरूरी है। तीनों सेनाओं के प्रमुख मिलकर काम कर रहे हैं। वे हमेशा मुस्कुराते हुए नजर आते हैं, जिससे देशवासियों का विश्वास बढ़ता है। हमारी शांति और संयम ने यह संदेश दिया है कि देश सुरक्षित हाथों में है।”

पीएम मोदी ने दी थी खुली छूट

आर्मी चीफ ने साहस का महत्व बताते हुए कहा कि युद्ध जैसी परिस्थितियों में जोखिम बहुत अधिक होते हैं। उन्होंने कहा, “हमने हर हमले का मुकाबला किया और सीमा पार 100 किमी तक भी गए। हमारे राजनीतिक नेतृत्व ने हमें पूरी छूट दी। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी प्रधानमंत्री ने सेना को इतनी खुली छूट दी हो।”

जनरल द्विवेदी ने कहा कि आने वाले समय में चुनौतियां और भी जटिल होंगी। इनमें अस्थिरता, अनिश्चितता, जटिलता और अस्पष्टता शामिल हैं। उन्होंने कहा, “आज हम यह नहीं जानते कि भविष्य में क्या होगा। ट्रम्प का क्या निर्णय होगा, यह भी स्पष्ट नहीं है। नई-नई चुनौतियां सामने आएंगी, चाहे सीमा पर हो, आतंकवाद हो, प्राकृतिक आपदाएं या साइबर युद्ध।”

थल सेनाध्यक्ष ने कहा, “जेनरेशन Z अब आ गई है और यही भारत का भविष्य है। यह पीढ़ी डिजिटल रूप से पारंगत, तकनीकी रूप से सक्षम और सामाजिक रूप से जागरूक है। भारत की सबसे बड़ी आबादी भी इसी वर्ग की है। यदि इन्हें सही मार्गदर्शन और अनुशासन मिले, तो भारत एक पल में अनेक युगों को आगे ले जा सकता है।” उन्होंने कहा कि जेनरेशन Z ही भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी, और यही देश का उज्जवल भविष्य है।

यह भी पढ़े : साहेब बचाओ, सबकी नाक काट रहा… कानपुर में नककटा का आंतक! ग्रामीणों ने DM से की शिकायत

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें