
PM Modi Bihar Visit : सीमांचल में राजनीतिक माहौल तेजी से गरमाता जा रहा है। राहुल गांधी के दौरे के बाद अब 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्णिया आ रहे हैं। इस दौरान पूर्णिया से हवाई सेवा शुरू होने और पटना के लिए वंदे भारत ट्रेन का परिचालन भी शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में उत्साह बना हुआ है।
एनडीए के लिए यह दौरा विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन का अच्छा अवसर है। विकास की उम्मीदों के साथ यह दौरा सीमांचल के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीमांचल की राजनीति इन दिनों लगातार गर्माहट ले रही है। महज 21 दिनों के भीतर यहां दूसरी बार राजनीतिक गतिविधियों ने जोर पकड़ा है। 23 और 24 अगस्त को आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सीमांचल के तीन जिलों कटिहार, पूर्णिया और अररिया में जनसंपर्क के लिए गए थे।
कार्यक्रम में भारी संख्या में जुटी भीड़ को लेकर राजग की नजरें भी टिकी थीं। अब 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूर्णिया यात्रा से पूरे क्षेत्र को बड़ा राजनीतिक और विकासात्मक लाभ मिलने की उम्मीद है। इसी दिन से पूर्णिया से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी और पटना के लिए वंदे भारत ट्रेन का परिचालन भी शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा अनेक विकास कार्यों और सुविधाओं की भी उम्मीदें हैं, लेकिन हवाई सेवा का शोर अभी सबसे ज्यादा सुनाई दे रहा है। प्रधानमंत्री की इस यात्रा से एनडीए को विधानसभा चुनाव से पहले अपनी ताकत दिखाने का अच्छा मौका मिला है। यह अवसर क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार कर रहा है। हवाई मार्ग से पूर्णिया का जुड़ाव उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में भी नए अवसरों को जन्म दे रहा है।
उच्च वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग दोनों ही इस नई कनेक्टिविटी और विकास से प्रसन्न हैं। आपात स्थिति में यात्रा का यह आसान माध्यम लोगों में खुशी ला रहा है। पिछले एक दशक में पूर्णिया के विकास को नई दिशा मिलती दिखाई दे रही है।
शहर से लेकर गांव तक की तस्वीर बदल रही है, और यह बदलाव विकास की कहानी सुना रहा है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के पास उपलब्धियों का पिटारा है। महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा ने भी यहां राजनीतिक गरमी को और बढ़ा दी है, जिससे राजग के कार्यकर्ता सतर्क हो गए हैं।
सीमांचल और मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में राष्ट्रवाद की धारा भी तेजी से मजबूत हो रही है। 15 सितंबर की सभा में विकास के गर्जन का अलग ही असर देखने को मिलेगा। इसे बिहार में विधानसभा चुनाव के शंखनाद के रूप में भी देखा जा रहा है।
यह भी पढ़े : Delhi NCR Rain : दिल्ली में शुरू हुई झमाझम बारिश! खतरे के निशान से पार 207 मीटर तक पहुंचा यमुना का जलस्तर