
पीलीभीत। गौ सेवा आयोग से जनपद पीलीभीत पहुंचे सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि नियमित गोमूत्र पीने से कैंसर जैसी बीमारी दूर हो सकती है, उन्होंने कहा कि छुट्टा पशुओं की समस्या इसलिए भी दूर नहीं हो रही है कि लोग दूध खाने के बाद गाय को छोड़ देते हैं।
शुक्रवार को लखनऊ से गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने जिला मुख्यालय पर पहुंचकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, उन्होंने गाय और गौशाला की स्थिति पर चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
इस दौरान भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद व जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 प्रवीण कुमार त्यागी मौजूद थे। जहां पर गौशालाओं की संख्या, गौवंश, जन सहभागिता के तहत दिए गए गौवंश व संरक्षित गौवंश की संख्या का विवरण प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 12 कैटल कैचर उपलब्ध है। हरा चारा, भूसा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि लगभग 215 हेक्टेयर गौचर भूमि है जिसमें चरी, बाजरा, नैपियर घास की खेती की गई है।
समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से मुखातिब हुए गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने प्रेस वार्ता में गौवंश को लेकर संचालित सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला, साथ ही गौशालाओं में भ्रष्टाचार कर रहे ग्राम प्रधान और अधिकारियों का बहिष्कार करने की बात कही, उन्होंने कहा कि गाय सिर्फ एक पशु नहीं है भारत में गाय को मां कहकर संबोधित किया गया है।
इतना ही नहीं उन्होंने गोमूत्र और गोबर पर लंबी चर्चा करते हुए बताया कि डब्लू एच ओ की रिपोर्ट के अनुसार भारत में वर्ष 2030 आते-आते बड़ी संख्या में कैंसर के रोगी होंगे, इससे बचने के लिए उन्होंने घरों में गाय पालने और उसका मूत्र पीने की सलाह दी है। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि गौशाला पर चोकर की गुणवत्ता अच्छी रहे, गौवंशों के पानी पीने के हौज साफ सथुरे रहे, उन्हें चूने से रंगाई कराई जाये ताकि गौवंशों को कैल्शियम भी मिलता रहे। अधिकारी को गौशालाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। कृषकों को चिन्हित करते हुए उनके यहां छोटा बायोगैस प्लांट लगवायें, ताकि उन्हें गैस तथा गोबर की खाद की प्राप्ति हो सके।
इस प्रकार गोबर की खाद उपलब्ध होने पर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। इस दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि गौशालाओं को और बेहतर बनाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है, भूसा, चारा की कोई कमी नही है।
बैठक में विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानन्द, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ प्रवीण कुमार त्यागी, उपायुक्त स्वतः रोजगार वंदना सिंह, जिला कृषि अधिकारी नरेन्द्र पाल, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सक आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : बुलंदशहर : बच्चों के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष! युवक की पीट-पीट कर हत्या, पुलिस जांच में जुटी