
Pilibhit : पीलीभीत के पूरनपुर में दंपत्ति के बीच कहासुनी के बाद विवाहिता कमरे के अंदर दुपट्टे के फंदे पर लटकी मिली। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान विवाहिता की मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पुत्री की हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने गांव पंहुचकर पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के गांव जोगराजपुर निवासी ऋषि शर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री शिवानी की शादी छह वर्ष पूर्व पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रम्पुरा कपूरपुर निवासी कमलेश शर्मा के साथ की थी। सोमवार शाम छह बजे कमलेश ने उन्हें सूचना दी कि उनकी पुत्री ने फांसी लगा ली है। सूचना पर वह स्वजनों के साथ गांव पंहुचे। पुत्री को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात उपचार के दौरान विवाहिता की मृत्यु हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने विवाहिता की हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाकर सूचना पुलिस को दी।
जानकारी पर कोतवाली पुलिस और पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ प्रतीक दहिया मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्वजनों से घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। मृतक महिला का एक पुत्र हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ प्रतीक दहिया ने बताया कि सूचना पर पहुंचकर जानकारी जुटाई गई। दंपत्ति के बीच कहासुनी को लेकर घटना हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।












