
पीलीभीत। विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा पर गुरुवार को गोमती उद्गम स्थल पर वन विभाग की नमामि गंगे परियोजना पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता के लिए श्रमदान कार्यक्रम एवं नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत गोमती आरती व पौधारोपण से की गई।
भव्य आयोजन में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और भाजपा विधायक बाबूराम के साथ जनप्रतिनिधि शामिल हुए। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी व अन्य सभी को मां गंगा की स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। जिसमें गोमती नदी की शुद्धता, संरक्षण एवं आस्था का संदेश दिया गया। “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में वृक्षारोपण, जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विभिन्न गतिविधियाँ संपन्न हुईं। जिनमें स्वक्षता के प्रति श्रम दान किया गया। लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान गोमती उद्गम स्थल पर जिलाधिकारी प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन एवं वन्य जीव प्रभाग, विधायक बाबूराम पासवान व भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप द्वारा सिंदूर, मॉलश्री, पीपल, आम के साथ-साथ शीशम, अशोक जैसी उपयोगी प्रजातियों का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने की। साथ ही मुख्य अतिथि पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन एवं वन्य जीव प्रभाग सामाजिक वानिकी भरत कुमार डीके मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 आलोक शर्मा। जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति सौरभ सिंह एवं जिला पर्यावरण समिति जेआरएफ आदर्श कुमार सहित विकास विभाग, राजस्व के अधिकारी अन्य प्रशासनिक एवं वन विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।