
बीसलपुर, पीलीभीत। बुधवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का ट्रैक्टर से दौरा किया, उन्होंने ग्रामीणों से संपर्क किया और राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के साथ अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ऋतु पूनिया ने बीसलपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया, जहां अर्जुनपुर से गोबलपतिपुरा तक दौरा किया। उन्होंने बताया कि चंपावत और उधम सिंह नगर में हुई मूसलाधार बारिश का सीधा असर जनपद पर पड़ा है। अर्जुनपुर सहित कई गांव बाढ़ से जूझ रहे है।
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि डैम से पानी छोड़ना कम कर दिया है और शीघ्र ही जलभराव की समस्या समाप्त हो जायेगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने ट्रैक्टर ट्राली पर बैठकर बाढ़ क्षेत्रों को देखा और लोगों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि लोगों की हर संभव सहायता की जायेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोऐ जिसके लिए कम्युनिटी किचन संचालित है।
ग्रामीणों को भोजन के पैकेट/खाद्यान्न सामग्री वितरित कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमें लगाई गई है। इसके अलावा डीएम ने सदर तहसील में संचालित कम्युनिटी किचन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को गुणवत्तापूर्ण भोजन व राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्यान्न किट को देखा व जानकारी ली। इस दौरान उप जिलाधिकारी बीसलपुर नागेंद्र पांडे, तहसीलदार बीसलपुर हबीब उर रहमान, सीओ बीसलपुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : पीलीभीत : बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत सामग्री वितरित हुई तो लोग लगाने लगे ‘प्रशासन जिंदाबाद के नारे’