पीलीभीत : गांधी प्रतिमा हटाने पर विवाद, पूर्व चेयरमैन का आरोप- ‘विकास की आड़ में विरासत से हो रही छेड़छाड़’

भास्कर ब्यूरो

पूरनपुर,पीलीभीत। कोतवाली रोड स्थित ऐतिहासिक गांधी पार्क से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और शिलालेख को हटाए जाने को लेकर पूर्व चेयरमैन ने नाराजगी जताई है। नगर पालिका परिषद द्वारा पार्क का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसका पूर्व चेयरमैन मुन्ने मियां अंजाना ने तीखा विरोध जताया है।

पूरनपुर के पूर्व पालिका अध्यक्ष मुन्ने मियां अंजाना ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन ने जनभावनाओं की अनदेखी करते हुए एक ऐतिहासिक स्मारक को हटा दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में जब उनकी भाभी हसीना बानो नगर पालिका की अध्यक्ष थीं, तब इस प्रतिमा और शिलापट की स्थापना की गई थी।

“विकास का नाम लेकर इतिहास मिटाना गलत परंपरा की शुरुआत”

पूर्व चेयरमैन ने आशंका जताई कि यह निर्णय एक नई परंपरा की शुरुआत बन सकता है, जिसमें विकास कार्यों के नाम पर ऐतिहासिक प्रतीकों को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि यदि गांधी जी जैसे राष्ट्रपिता की प्रतिमा को हटाया जा सकता है, तो फिर आने वाली पीढ़ियों को हम को हम क्या संदेश देंगे?

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

पूर्व अध्यक्ष ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि प्रतिमा और शिलालेख को तत्काल पूर्व स्थान पर पुनः स्थापित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस विषय में शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो यह जनभावनाओं को आहत कर व्यापक विरोध का कारण बन सकता है।

पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद पूरनपुर, मुन्ने मियां अंजाना ने कहा, “गांधी जी की प्रतिमा केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि आज़ादी की सोच और राष्ट्र की आत्मा की प्रतीक है। उसे हटाना एक सुनियोजित मानसिकता को दर्शाता है, जो इतिहास से आंख चुराने जैसी है।”

नगर पालिका अध्यक्ष ने प्रतिमा हटाने पर दी सफाई

नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण की योजना के तहत पुराने ढांचे को बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की जो प्रतिमा पहले पार्क में स्थापित थी, वह पहले से ही खंडित अवस्था में थी, इसलिए उसे हटाना आवश्यक था। उनके अनुसार, यह कार्य किसी अनादर की भावना से नहीं, बल्कि एक व्यापक विकास योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्क में अब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और भारत माता की नई प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, और इस स्थल को एक सुंदर, आधुनिक गांधी पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें

लखनऊ: वक्फ संशोधन विधेयक पेश को लेकर पुराने लखनऊ में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च। मुखवा में पीएम मोदी ने की गंगा पूजा अंसल एपीआई पर कार्रवाई : पिता – पुत्र समेत 5 पर मुकदमा दर्ज ट्रंप ने भारत , चीन समेत देशों पर उच्च शुल्क लगाने का किया ऐलान परिजनों ने कहा – सचिन तो सिर्फ मोहरा , कत्ल के पीछे कोई ओर