
पूरनपुर, पीलीभीत। शारदा नदी के धनाराघाट पर पक्के पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। प्रथम चरण में कार्यदाई संस्था की ओर से पाइलिंक का कार्य शुरू किया गया है। संस्था की ओर से मजदूरों को लगाकर पाइलिंग के बाद डाले जाने वाले जाल तैयार कर लिए गए हैं।
गुरूवार से जाल में कंक्रीट भरी जाएगी। पुल निर्माण के लिए 87 पिलर स्थापित बनाए जाएंगे। ट्रांस शारदा क्षेत्र की आबादी को तहसील मुख्यालय से जोड़ने के लिए शारदा नदी पर पक्के पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। पुल 3.287 मीटर लंबा, दस मीटर चौड़ा होगा। इसके साथ ही पुल की दोनों तरफ पहुंच मार्ग बनेंगे। पुल निर्माण के लिए शासन की तरफ से 269.13 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है जिसमें 94.19 करोड़ रूपये पिछले वर्ष जारी हो गया है।
पुल का निर्माण अरविंद टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी नई दिल्ली करेगी। रूद्रपुर गांव के पास निर्माणदायी संस्था ने प्लांट लगा दिया है। वहां कंक्रीट, सरिया, पत्थर, मशीन आदि पहुंच गया है। लखीमपुर खीरी वन विभाग की तरफ से एनओसी मिलने से पुल का निर्माण हजारा की तरफ से पुराने पुल के पास से शुरू किया गया है। पुल के निर्माण के लिए मशीन से पाइलिंग का कार्य बुधवार से शुरू कर दिया गया। लोहे के जाल बना लिए गए हैं। पाइलिंग के बाद उसमें लोहे का जाल डालकर कंक्रीट भरने का काम शुरू होगा। निर्माणदायी संस्था ने हजारा के शास्त्रीनगर में जमीन चिन्हित कर ली है। वहां भी एक प्लांट लगाया जाएगा। अधिकांश 70 फीसदी भाग हजारा क्षेत्र में आता है। इसलिए वह प्लांट लगने के बाद ही विधिवत काम शुरू हो पाएगा।
सेतु निगम बरेली के एसडीओ आशीष निर्बाल ने बताया कि शारदा नदी के धनाराघाट पर पुराने पुल के पास नए पुल का निर्माण शुरू कर दिया गया है। पाइलिंग मशीन से कार्य किया जा रहा है। सभी सामान वहां पहुंच गया है। गुरुवार को कंक्रीट भरने का काम शुरू होगा।
यह भी पढ़े : ‘राजनीति करने ना आएं… हम योगी सरकार से खुश हैं…’, हरिओम के घर पहुंचे राहुल गांधी, परिवार से मिलने से किया मना