
Rajasthan Petrol Pump Slap : राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में उस समय सनसनी फैल गई है, जब जसवंतपुरा के पास पेट्रोल पंप पर एसडीएम छोटूलाल शर्मा द्वारा कर्मचारी को थप्पड़ मारने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना का वीडियो तेजी से फैलने के बाद राजनीतिक हलकों में हंगामा मच गया है।
मंगलवार को पेट्रोल पंप पर कार रिफिल कराने पहुंचे शर्मा ने प्राथमिकता न मिलने पर कर्मचारियों से झगड़ा किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे कर्मचारी को रोब झाड़ते हुए कहते हैं, “मैं एसडीएम हूं यहाँ का… पहले मेरी गाड़ी लगाओ!” इसके बाद उन्होंने कर्मचारी को थप्पड़ मारा। जब वहां दूसरा कर्मचारी आया तो उसने भी शर्मा को थप्पड़ जड़ दिया। इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया पर लोग उन्हें नौकरी से हटाने की मांग कर रहे हैं।
मामले के तूल पकड़ने के बाद, खुद को एसडीएम शर्मा की पत्नी बताने वाली दीपिका व्यास ने कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारी ने उन्हें देखकर इशारा किया और भद्दे कमेंट किए, जिसके बाद उनके पति ने कर्मचारी को सबक सिखाने के लिए ऐसा किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि दोनों के बीच अभद्र व्यवहार हुआ और पेट्रोल पंप का मालिक भी गालियां दे रहा था। पुलिस मौके पर पहुंची और तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि, अब यह पता चला है कि दीपिका व्यास एसडीएम की पत्नी नहीं हैं। सूत्रों के अनुसार, शर्मा ने पूनम शर्मा से शादी की थी, जिन्हें उन्होंने घर से निकाल दिया है। पूनम अपने बच्चों के साथ अलग रह रही हैं और उन्होंने पहले पति के खिलाफ केस भी दर्ज किया है।
एसडीएम छोटूलाल शर्मा का विवादों से पुराना नाता रहा है। उन्हें तीन बार अपने पद से हटाया जा चुका है। 2017 में, पंचायत समिति विकास अधिकारी के साथ हुए सार्वजनिक विवाद के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था। उसी वर्ष, खनन गतिविधियों में अनियमितताओं के आरोप में भी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई। 2018 में टोंक में भी अपने आवास पर चपरासी के साथ मारपीट का आरोप लगा था, जिसके कारण उन्हें फिर से पद से हटाया गया।















