
सीतापुर। उ.प्र. राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी द्वारा आज जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर निरीक्षण किया। उपाध्यक्ष ने ओ.पी.डी. वार्ड, लेबर रूम, सर्जिकल वार्ड, जनरल वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष, एन.आई.सी.यू. आदि वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।
मरीजों से वार्ता करते हुये उपलब्ध कराये जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं के बारे में पूछा। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने यह पाया कि ज्यादातर महिलाओं का अल्ट्रासाउण्ड बाहर कराने हेतु लिखा जा रहा है, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुये सभी महिलाओं का अल्ट्रासाउण्ड चिकित्सालय में ही करने हेतु निर्देशित किया।
जनरल वार्ड का निरीक्षण के दौरान मरीजों से वार्ता की तथा उनकी नियमित जांच हेतु आने वाले चिकित्सकों की जानकारी की, जिस पर मरीजों द्वारा बताया गया कि चिकित्सक जनरल वार्ड में आते ही नही हैं। तकियों पर कवर न होने व बेडशीट गंदी होने व साफ-सफाई न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। लेबर रूम पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन किया।
साथ ही वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान संबंधित को निर्देशित किया कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये। उपस्थिति पंजिका एवं चिकित्सकों के विजिटिंग रजिस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित को सख्त निर्देश दिये कि जो भी संबंधित मरीजों को बाहर से अल्ट्रासाउण्ड कराने हेतु लिख रहे हैं, उनके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाये तथा ऐसी आशाएं जो धनराशि लेकर प्रसव कराती हैं, उनको चिन्हित करते हुये दण्डात्मक कार्यवाही करें। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक महिला थाना इतुल चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका सुनीता कश्यप सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।