
पानीपत : पानीपत में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने गांव नौल्था में एक दंपति के घर से करीब 15 लाख रुपये के गहने और नकदी चुरा ली। घटना 19 जून की रात की है। उस समय घर में कोई नहीं था। इसी बात का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए। पत्नी अपने पति को लेकर अस्पताल गई थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार काे पुलिस को दी शिकायत के अनुसार मनीषा अपने बीमार पति विनोद कुमार को दवाई दिलाने पानीपत गई थी। दोपहर बाद जब वह घर लौटे, तो उन्होंने अलमारी की जांच नहीं की। अगले दिन जब मनीषा ने अलमारी खोली तो लॉकर खुला मिला। लॉकर में रखे सभी गहने और नकदी गायब थे।
चोरी हुए गहनों में तीन तोले के दो सोने के कड़े, सोने की अंगूठी, झुमकी, मंगलसूत्र, कंठी, तीन जोड़ी सोने के बाजूबंद शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की दो तगड़ी और 8 हजार रुपए नकद भी चोरी हो गए। मनीषा की शिकायत पर थाना इसराना में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।