
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्राम पंचायतों में उनकी सक्रिय एवं सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज विभाग ने महिलाओं पर आधारित विशेष कैलेंडर जारी किया है। यह कैलेंडर केवल तिथियों का संग्रह नहीं है, बल्कि पंचायतों में महिलाओं की लीडरशिप और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम माना जा रहा है।
कैलेंडर के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि ग्राम पंचायतों में महिलाएं केवल नाममात्र की प्रधान या प्रतिनिधि न रहें, बल्कि विकास कार्यों और निर्णय प्रक्रिया में सार्थक योगदान दें। यह पहल महिलाओं को नेतृत्व निभाने, अपनी बात मजबूती से रखने और पंचायत संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है।

कैलेंडर को ग्राम पंचायतों, पंचायत भवनों और विभागीय कार्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे जनता और जनप्रतिनिधियों में महिलाओं की सहभागिता को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि नारी शक्ति की नई उड़ान, गांव बदल रही महिला प्रधान केवल एक पहल नहीं, बल्कि मजबूत लोकतंत्र की नींव है। जब पंचायतों में महिलाएं सशक्त होंगी और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगी, तभी गांवों का समग्र विकास संभव होगा। यह कैलेंडर महिला हितैषी सोच को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
निदेशक पंचायती राज विभाग अमित कुमार सिंह ने बताया कि यह कैलेंडर ग्राम पंचायतों के लिए एक प्रेरक एवं मार्गदर्शक दस्तावेज है। इसके माध्यम से पंचायतों को महिलाओं के सम्मान, सहभागिता और सशक्त भूमिका सुनिश्चित करने में निरंतर प्रेरणा मिलेगी।













