
मिलक /रामपुर। पति-पत्नी के विवाद में पंचायत लेकर आए ससुराल वालों पर दामाद पक्ष ने हमला कर ससुर को मौत के घाट उतार दिया, जिसमें तीन अन्य लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिलई बड़ा गांव निवासी नदीम पुत्र सीतार अहमद की शादी लगभग 2 वर्ष पूर्व जनपद मुरादाबाद के ग्राम सिरस खेड़ा थाना मुंडा पांडे निवासी इस्लाम की पुत्री अरमाना के साथ हुई थी। उसकी ढाई साल की बेटी भी है।

दोनों का पारिवारिक रिश्ता पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रहा था, जिसको लेकर कई बार पंचायत का दौर भी चल चुका है। आज करीब शाम 7:00 बजे नदीम के ससुर इस्लाम, सास मुखतरी, इस्लाम की बहन शन्नो और बहनोई अफसर अली नदीम के घर पहुंचे और अपनी लड़की को ले जाने को कहने लगे। इस पर दोनों पक्षों में कहा-सुनी हो गई। बात गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गई, जो बाद में खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों ओर से एक-दूसरे पर हमला शुरू हो गया, जिसमें नदीम के ससुर इस्लाम, सास मुख्तरी, इस्लाम की बहन शन्नो और बहनोई अफसर अली गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिलक पर भेजा, जहां पर डॉक्टरों ने इस्लाम को मृत घोषित कर दिया, और घायलों को बेहतर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गंभीर रूप से घायल अफसर अली ने बताया कि, “हम लोग पंचायत करने के लिए गए थे। वहां पहुंचते ही नदीम, कदीम सीतार अहमद, उमर पुत्र अली अहमद, नूरजहां पत्नी अली अहमद निवासी मुंडिया ने एक राय होकर हम सभी पर हमला कर दिया। तमंचे से फायर किए और फावड़ा से हमला कर घटना को अंजाम दिया है।”
यह भी पढ़े : यूपी में 71 हजार सुहागिनें अपनी मर्जी से बनीं विधवा! आधार कार्ड से खुला राज