
Pakistan Firing on LoC : पाकिस्तानी सेना ने शनिवार रात को उत्तरी कश्मीर के नौगाम सेक्टर (कुपवाड़ा) में सीजफायर का उल्लंघन करते हुए अकारण गोलाबारी की। पाकिस्तान सेना ने यह दुस्साहस सऊदी अरब के साथ हुए रक्षा समझौते के ठीक एक दिन बाद किया, जिसका भारतीय सैनिकों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए दुश्मन की निगरानी चौकी को व्यापक नुकसान पहुंचाया।
अलबत्ता, सेना द्वारा संघर्ष विराम के उल्लंघन की पुष्टि देर रात तक नहीं की गई थी। सूत्रों ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे पाकिस्तान ने नौगाम सेक्टर के तूतमार गली में स्थित भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की। भारतीय सेना के जवानों ने पहले इसे महज उकसावे की कार्रवाई मानते हुए संयम बरता, लेकिन जब गोलाबारी की तीव्रता बढ़ने लगी तो उन्होंने भी जवाबी फायर किया।
करीब 40 मिनट तक दोनों तरफ से लगातार भीषण गोलाबारी हुई। पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी के बंद होने के बाद भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई बंद कर दी। लगभग तीन घंटे बाद, रात करीब साढ़े नौ बजे, पाकिस्तानी सैनिकों ने फिर भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की, तो भारतीय जवानों ने कड़ा जवाब दिया।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना की एक निगरानी चौकी को काफी नुकसान पहुंचा है। तूतमार गली के सामने एलओसी के पार स्थित इलाके को लीपा घाटी कहा जाता है।
बता दें कि इससे पहले, जिला उधमपुर के सियोजधार के जंगल में शुक्रवार देर शाम से आतंकियों और सुरक्षाबल के बीच जारी मुठभेड़ में सेना का एक जवान बलिदान हो गया है। सुरक्षाबल ने शनिवार को भी पूरे क्षेत्र की घेराबंदी और कड़ी कार्रवाई जारी रखते हुए आतंकियों को मार गिराने का अभियान तेज कर दिया है। इस बीच, सेना ने बलिदानी लांस दफादार बलदेव चंद निवासी बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
जानकारी के अनुसार, सैन्य अभियान उधमपुर और डोडा जिलों के मध्य कांजी नाला के सियोजधार जंगल में चल रहा है। शुक्रवार देर शाम लगभग आठ बजे, सियोजधार क्षेत्र में सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और उधमपुर से पुलिस के एसओजी की संयुक्त गश्त पर आतंकियों ने हमला कर दिया।
सुरक्षाबल ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान मुठभेड़ में सेना के लांस दफादार बलदेव चंद घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह उन्होंने वीरगति प्राप्त की। सुरक्षा बलों ने आतंकियों की खोज के लिए पूरे इलाके में व्यापक स्तर पर कांबिंग ऑपरेशन शुरू किया है।
दिनभर तलाशी अभियान को पूरे डुडु-बसंतगढ़ क्षेत्र तक फैलाया गया। आतंकियों के भाग निकलने की आशंका के मद्देनजर, डोडा और उधमपुर से अतिरिक्त बल भी मौके पर भेजे गए हैं। खोजी ड्रोन और श्वान की मदद से आतंकियों की तलाश जारी है। हालांकि, शनिवार को आतंकियों से कोई संपर्क नहीं हो सका। ऊंचाई और घने जंगलों वाले क्षेत्र में तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण हालात में जारी है।
यह भी पढ़े : H1-B Visa पर अमेरिका का आया जवाब, कहा- ये ‘वन टाइम पेमेंट’ है, पुराने वीजा होल्डर को दी राहत