आज भी 200+ से अधिक फ्लाइट्स रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी ; सरकार बोली-इंडिगो के स्लॉट और मार्ग होंगे कम

नई दिल्ली : इंडिगो एयरलाइंस का परिचालन संकट लगातार आठवें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को देशभर में 230 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। सूत्रों के अनुसार, केवल बंगलूरू और हैदराबाद से ही 180 उड़ानें रद्द की गई हैं। हैदराबाद में 14 आगमन व 44 प्रस्थान उड़ानें रद्द रहीं, जबकि बंगलूरू हवाई अड्डे पर 58 आगमन और 63 प्रस्थान उड़ानों का संचालन नहीं हो सका।

मौजूदा शीतकालीन समय सारणी में इंडिगो की क्षमता पर प्रश्नचिन्ह लगते देख विमानन मंत्रालय ने उसके स्लॉट कम करने के संकेत दिए हैं। विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा कि समय सारणी में शामिल कुछ मार्ग अन्य घरेलू एयरलाइंस को दिए जाएंगे। उन्होंने इसे एयरलाइन के लिए ‘दंडात्मक कार्रवाई’ बताया। भारत के घरेलू हवाई यातायात में 65% से अधिक हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो रोजाना 2,200 से अधिक उड़ानें संचालित करती है।

इंडिगो द्वारा सोमवार को छह मेट्रो शहरों से ही 560 उड़ानें रद्द होने के बाद मंत्रालय हरकत में आया है। मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रमुख हवाई अड्डों का दौरा कर स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख हवाई अड्डों की स्थिति

  • बंगलूरू: 121 उड़ानें रद्द, अगला अपडेट शाम 6 बजे
  • चेन्नई: 41 उड़ानें रद्द (18 प्रस्थान, 23 आगमन)
  • अहमदाबाद: 16 उड़ानें रद्द, यात्री सुविधाओं का आश्वासन
  • दिल्ली (आईजीआई): उड़ान रद्द होने से यात्री फंसे

यात्रियों की बढ़ी परेशानी
अहमदाबाद हवाई अड्डे पर एक यात्री ने बताया कि उसकी उड़ान देर रात से सुबह तक कई बार बदली गई, जिसके चलते उसे लगभग 12 घंटे इंतज़ार करना पड़ा। यात्री का कहना है कि हेल्पलाइन से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें