
Operation Sindhu : ईरान में फंसे 290 भारतीय नागरिकों को लेकर एक और विशेष उड़ान शनिवार रात को नई दिल्ली में सुरक्षित उतर गई है। इस तरह ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक निकाले गए भारतीयों की कुल संख्या 1,117 हो चुकी है। यह ऑपरेशन सिंधु का पांचवां जत्था है, जो ईरान से भारतीयों को स्वदेश वापस लाने का कार्य कर रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस विशेष फ्लाइट के जरिए 290 भारतीय नागरिक ईरान से सुरक्षित भारत वापस लौट आए हैं। यह फ्लाइट 21 जून 2025 को रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंची, और अब तक कुल 1,117 भारतीयों को ईरान से निकाला जा चुका है।
एक भारतीय नागरिक ने इस यात्रा के दौरान अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वहां का माहौल बहुत डरावना था। उन्होंने बताया कि मिसाइलें चल रही थीं, जिससे वहां फंसे लोगों को बहुत डर लग रहा था। वह लोग लगभग एक हफ्ते से ईरान में फंसे हुए थे।
इसी तरह, एक और भारतीय छात्र ने कहा कि वह कश्मीर से है और बीते दो वर्षों से ईरान में रह रहा है। उन्होंने बताया कि तेहरान में स्थिति बहुत खराब है, जबकि अन्य स्थानों पर स्थिति सामान्य है। इस कठिन समय में भारत सरकार का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने हमें सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य किया है।