
लखनऊ। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मवीर प्रजापति ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र में पौधारोपण किया।
इस अवसर पर श्री प्रजापति ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। बढ़ते तापमान और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में पौधे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का सतत प्रयास है कि पृथ्वी को ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचाया जाए। इसी दिशा में अधिक से अधिक पौधरोपण को बढ़ावा देना जरूरी है। राज्य मंत्री ने जनता से अपील की कि वे पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आएं और अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।