
हरिद्वार : भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर 20 मार्च को दिल्ली के जंतर मंतर पर ‘किसान बचाओ, संविधान बचाओ’ रैली निकालेगी। इस संबंध में यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिपाल अम्बावता ने जानकारी दी।
पनियाला रोड स्थित प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौधरी के कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में भाकियू (अ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अम्बावता ने कहा कि रैली को लेकर वह और संगठन के पदाधिकारी हर राज्य में जा रहे हैं। किसानों को जागरूक करना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा किसानों को भूमि अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिला। दिल्ली में 13 महीने आंदोलन चला, जिसमें 750 किसान शहीद हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने एमएसपी लागू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो साल बाद भी कानून लागू नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि सरकार आज तक किसानों का बकाया भुगतान नहीं कर पाई है। सरकार को किसान के हित में पूरी तरह फेल है। एक बार फिर किसान एकत्र होकर सड़क पर उतरेंगे।
स्मार्ट मीटर को लेकर उन्होंने कहा कि यह किसानों के हित में नहीं है, इसका विरोध किसान कर रहा है। कहा कि इकबालपुर चीनी मिल पर तीन प्रदेशों के किसानों का बकाया है, लेकिन सरकार इसकी ओर ध्यान नहीं दे रही है। वहीं टोलटैक्स को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से कहा था कि टोल प्लाजा के आसपास के लोगों से टैक्स नहीं लिया जाना चाहिए, लेकिन टोल कर्मी लोगों से अभद्रता पर उतारू हो जाते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौधरी ने कहा कि किसानों की लड़ाई को मजबूती से लड़ा जाएगा और किसान की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि 20 मार्च को होने वाली रैली में अधिक से अधिक संख्या में किसान उत्तराखंड से पहुंचेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सचिव शौकीन मालिक, प्रदेश उपाध्यक्ष आजम खान आदि मौजूद रहे।