
Rahul Gandhi in Bhuvaneshwar : भुवनेश्वर के बारामुंडा मैदान में आयोजित कांग्रेस की विशाल रैली ‘संविधान बचाओ समावेश’ में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जमकर केंद्र और राज्य सरकारों पर हमला बोला।
ओडिशा में 40,000 महिलाएं लापता हैं? – राहुल गांधी
इस दौरान उन्होंने दावा किया कि ओडिशा में लगभग 40,000 से अधिक महिलाएं अब तक लापता हो चुकी हैं, और आज तक यह पता नहीं चल पाया है कि ये महिलाएं कहां गई हैं। राहुल गांधी ने कहा, “यहां हर दिन महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है, दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, और सरकार इन सब बातों से बेखबर है।”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ओडिशा की सरकार का मुख्य काम प्रदेश के गरीबों का हक छीना है। उन्होंने कहा, “पहले बीजेडी सरकार ने यही किया, अब बीजेपी सरकार भी वही कर रही है। एक ओर गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग, किसान और मजदूर हैं और दूसरी ओर 5-6 अरबपति और बीजेपी की सरकार है। यह लड़ाई जारी है, और केवल कांग्रेस कार्यकर्ता, ओडिशा की जनता के साथ मिलकर ही इस लड़ाई को जीत सकते हैं।”
बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण में धांधली – राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा बिहार में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कर रही है, जिस तरह महाराष्ट्र में चुनाव के दौरान धांधली हुई, उसी तरह का प्रयास बिहार में भी किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा का हिस्सा बन चुका है, और वह अपना काम सही तरीके से नहीं कर रहा है। राहुल ने कहा, “बिहार में हमने विपक्षी गठबंधन से कहा है कि हम चुनाव आयोग और भाजपा को बिहार में चुनाव चोरी करने नहीं देंगे।”
उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच एक करोड़ नए मतदाता जोड़े गए, लेकिन कोई नहीं जानता कि ये मतदाता कौन हैं और कहां से आए हैं। हमने चुनाव आयोग से इन मतदाताओं का विवरण मांगा, लेकिन हमें कुछ नहीं मिला।”
राहुल गांधी ने कहा कि ओडिशा में अडानी परिवार का वर्चस्व है, और यह सरकार नरेंद्र मोदी और अडानी के हाथों में है। उन्होंने बताया कि जब ओडिशा में जगन्नाथ यात्रा निकाली जाती है और रथ खींचे जाते हैं, तो लाखों लोग इसका अवलोकन करते हैं। लेकिन उसके बाद अडानी और उनके परिवार के लिए रथ रोक दिए जाते हैं, जिससे साफ पता चलता है कि यह सरकार नहीं, बल्कि अडानी जैसे अरबपतियों की सरकार है।
राहुल ने कहा, “यह सरकार आपकी जमीन, जंगल और भविष्य को लूटने की कोशिश कर रही है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ओडिशा में 40,000 से अधिक महिलाएं गायब हो चुकी हैं, और आज तक यह पता नहीं चल पाया है कि वे कहां गईं। राहुल गांधी ने कहा, “यहां हर दिन महिलाओं पर अत्याचार होता है, दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।”
राहुल ने कहा कि हर दिन ओडिशा में 15 महिलाओं के साथ दुष्कर्म हो रहा है। उन्होंने कहा, “आपकी सरकार हर दिन आपका खून चूस रही है, आपकी जमीन छीन रही है।”
भुवनेश्वर रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भाजपा दलितों और आदिवासियों का सफाया करने पर तुली है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक ओडिशा में दलितों और सरकारी अधिकारियों पर हमला कर रहे हैं। खरगे ने कहा, “भाजपा संविधान से धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को हटाने का प्रयास कर रही है।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ना जरूरी है, क्योंकि यह सरकार अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों को दबाने का काम कर रही है।