
नई दिल्ली : ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए पाकिस्तान को ज़मीन पर करारा जवाब देने के बाद अब भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान को राजनयिक स्तर पर बेनकाब करने में जुट गया है। बीजेपी सांसद समिक भट्टाचार्य ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में आयोजित एक कार्यक्रम में पाकिस्तान की दोहरी नीति और आतंकवाद को लेकर तीखा प्रहार किया।
“अब भारत किसी के दरवाजे पर कटोरी लेकर नहीं खड़ा” — भट्टाचार्य
भट्टाचार्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“आज भारत किसी के दरवाजे पर कटोरी लेकर नहीं खड़ा है। हम पूरी दुनिया में घूम रहे हैं, लेकिन भीख मांगने नहीं – चेतावनी देने आए हैं। जो आज भारत के साथ हो रहा है, वही कल दूसरों के साथ भी हो सकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत अब कमजोर नहीं, बल्कि 140 करोड़ लोगों की मजबूत आवाज़ है, जो आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय समुदाय को जागरूक कर रही है।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य: पाकिस्तान की पोल खोलना
यह कार्यक्रम बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में पहुंचे सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे का हिस्सा है। इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं:
- डी पुरंदेश्वरी (बीजेपी)
- प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना – उद्धव गुट)
- गुलाम अली खटाना (जम्मू-कश्मीर)
- अमर सिंह (आप)
- समिक भट्टाचार्य (बीजेपी)
- एम. थंबीदुरई (AIADMK)
- एमजे अकबर (पूर्व केंद्रीय मंत्री)
- राजदूत पंकज सरन
यह प्रतिनिधिमंडल थिंक टैंक, सांसदों, प्रवासी भारतीयों और समुदायिक समूहों से मुलाकात कर रहा है और भारत के आतंकवाद-विरोधी रुख को सामने रख रहा है।
सिंधु जल संधि पर भी भारत का दो टूक संदेश: “दोष देना बंद करे पाकिस्तान”
ताजिकिस्तान के दुशांबे में आयोजित संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में भारत ने पाकिस्तान की दोहरी नीति की फिर से आलोचना की।
पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा:
“पाकिस्तान आतंकवाद के जरिए खुद संधि का उल्लंघन कर रहा है। अब उसे यह कहना बंद कर देना चाहिए कि भारत ने संधि तोड़ी है।”
उन्होंने पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय मंच का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि
“यह निर्विवाद तथ्य है कि 1960 में जब संधि बनी थी, तब और अब की परिस्थितियों में बड़ा अंतर है। अब उस संधि के दायित्वों पर पुनर्विचार आवश्यक है।”
ये भी पढ़े- भारत में फिर बढ़े कोविड-19 के मामले : जानें किस राज्य में कितने केस