
नोएडा के सेक्टर 116 में स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय पर विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर) का काम कर रहे नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान काे मंगलवार शाम चार बजे के करीब दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें अचेत देखकर भाजपा नेता अमित त्यागी ने कार से सेक्टर 50 स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने स्टंट डालकर उनकी जान बचाई। बुधवार सुबह से ही उनको देखने के लिए लोग अस्पताल पहुंचने शुरू हो गए हैं।
भाजपा महानगर अध्यक्ष की तबीयत खराब होने की सूचना जैसे ही विधायक पंकज सिंह को मिली उन्होंने अस्पताल प्रशासन से बात की। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती है।
भाजपा नेता अमित त्यागी ने बताया कि मंगलवार काे शाम चार बजे के करीब भाजपा कार्यालय में वह महानगर अध्यक्ष महेश चौहान और अन्य लोगों के साथ एसआईआर का कार्य कर रहे थे। अचानक महेश चौहान को सीने में तेज दर्द उठा और वह बोलते-बोलते अचेत हो गए। यह देख उन्हाेंने बिना समय गवांए महानगर अध्यक्ष को कार में बैठाया और एक दवाई खिलाकर अस्पताल ले गए। रास्ते में उन्होंने नोएडा विधायक पंकज सिंह को घटना की सूचना दी।
विधायक के फोन पर विशेषज्ञों की टीम अलर्ट हुई। सात मिनट में वह महानगर अध्यक्ष को मेदांता अस्पताल लेकर पहुंचे और 12 मिनट में टीम ने ऑपरेशन शुरू कर दिया। आधे घंटे बाद विधायक पंकज सिंह भी अस्पताल आ गए। उन्होंने महानगर अध्यक्ष के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
यह भी पढ़े : सोशल मीडिया पर ‘लापता’ पोस्टर जारी! तेजस्वी यादव को लेकर भाजपा ने कहा- ‘मीडिया से मुंह छिपाकर भाग रहें’











