
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया के तहत पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार से आने वाले वरिष्ठ युवा नेता नितिन नबीन के नामांकन से संगठन में उत्साह का माहौल है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा के अखिल भारतीय डेलिगेट्स ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचकर नितिन नबीन के नाम की प्रस्तावना का नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि यह पार्टी के लिए गर्व और हर्ष का विषय है कि संगठन को एक ऊर्जावान और अनुभवी नेतृत्व मिलने जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा न केवल आगामी चुनावों में नई जीत दर्ज करेगी, बल्कि जनसेवा और संगठन विस्तार के क्षेत्र में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। सचदेवा ने कहा कि नितिन नबीन ने संगठनात्मक कार्यों के माध्यम से अपनी क्षमता और नेतृत्व कौशल को सिद्ध किया है।
इस अवसर पर केंद्रीय नेतृत्व और दिल्ली भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिनमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत और बांसुरी स्वराज शामिल थे। इसके अलावा प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय और आदेश गुप्ता, दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह तथा उपमहापौर जयभगवान यादव की उपस्थिति ने नामांकन को संगठनात्मक रूप से मजबूत समर्थन प्रदान किया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नितिन नबीन का नामांकन पार्टी की रणनीतिक दिशा को दर्शाता है, जहां अनुभव और युवा नेतृत्व का संतुलन साधने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली से मिले व्यापक समर्थन को राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक एकजुटता का संकेत माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में भाजपा के राजनीतिक अभियान को नई धार मिलने की उम्मीद है।















