New Delhi : सदर बाज़ार मेट्रो निर्माण स्थल से 15 लाख की तांबे की केबल चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

New Delhi : सदर बाज़ार थाना पुलिस, उत्तरी जिला, दिल्ली ने मेट्रो स्टेशन के निर्माणाधीन स्थल से चोरी हुई लगभग 1200 मीटर तांबे की केबल (कीमत लगभग 15 लाख रुपये) बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एक आरोपी रंधीर सिंह है, जो पहले लुधियाना में हत्या और उदयपुर, राजस्थान में ATM मशीन चोरी जैसे गंभीर मामलों में शामिल रह चुका है। चोरी के समय रंधीर निर्माण स्थल पर क्रेन ऑपरेटर था, जबकि दूसरा आरोपी पंकज कुमार मजदूर के रूप में काम करता था।

शिकायतकर्ता देव सिंह, निवासी बुध विहार, दिल्ली, और निर्माण कंपनी में सुपरवाइज़र ने 5 नवंबर 2025 को बताया कि 2-3 नवंबर की रात लगभग 1200 मीटर तांबे की केबल चोरी हो गई। इस पर ई-FIR संख्या 80105125/25, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SI रमाकांत, SI नरेंद्र सिंह, HC रोहित, Ct प्रदीप और Ct रोहित की विशेष टीम गठित की गई। पूरी जांच SHO इंस्पेक्टर सहदेव सिंह तोमर और ACP विदुषी कौशिक के नेतृत्व में हुई।

जांच के दौरान लगभग 50 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो लोग चोरी की केबल को ट्रक में लोड करते हुए दिखाई दिए। शिकायतकर्ता ने एक आरोपी की पहचान रंधीर सिंह के रूप में की।

तकनीकी निगरानी में रंधीर सिंह का मोबाइल अमृतसर, पंजाब के गांव कोठ खेड़ा में पाया गया। पुलिस तुरंत पंजाब रवाना हुई और 8 नवंबर 2025 को उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने मजदूर पंकज कुमार की मदद से चोरी की थी। पुलिस ने 10 नवंबर को पंकज को भी गिरफ्तार किया। चोरी की गई केबल भलस्वा डेयरी के एक घर में छुपाई गई थी, जिसे बरामद किया गया।

रंधीर ने बताया कि नशे की लत और आर्थिक तंगी के कारण उसने चोरी की योजना बनाई। उसने चोरी के समय साइट पर कम कर्मियों होने और CCTV रिकॉर्डिंग केवल 7 दिन तक रहने का फायदा उठाया। चोरी के बाद वह ट्रक लेकर सीधे केबल को भलस्वा डेयरी में छुपा आया और फिर पंजाब भाग गया।

निर्माण कार्य के लिए दो दिन बाद केबल की आवश्यकता हुई, जिससे चोरी का पता चला और CCTV फुटेज में आरोपी का चेहरा कैद होने पर पुलिस उसे पकड़ने में सफल रही।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें