
नई दिल्ली। एक सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक बहस खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई है। बता दें कि दयालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू विहार इलाके में एक दर्जन से ज्यादा युवकों ने एक(19) वर्षीय लड़के पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद घायल हालत में लड़के को जग प्रवेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति को देखते हुए उसे जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल लड़के की पहचान रेहान के रूप में की है, जोकि नेहरू विहार का रहने वाला है। डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि दयालपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस की टीम आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में लगी हुई है, ताकि जल्द ही आरोपियों की पहुंचना कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया के रेहान नेहरू विहार की गली से गुजर रहा था। इसी बीच गली में घात लगाए बैठे करीब एक दर्जन लड़कों ने रेहान को घेर कर चारों तरफ से चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बिना कुछ कहे रेहान पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए थे, जिससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। इस हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए,
परिजनों ने बताया कि करीब एक साल पहले रेहान का इलाके के कुछ लड़कों से इंस्टाग्राम पर विवाद हो गया था। उसी विवाद को लेकर आरोपी लगातार रेहान को धमकी दे रहे थे। अभी कुछ दिनों पहले भी उस पर हमला करने की कोशिश की गई थी। उस समय वह किसी तरह बच निकला था, लेकिन आज आरोपियों ने रेहान को घेर चाकू मार कर लहूलुहान कर दिया था, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने में लगी हुई है, ताकि बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाए.













